Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन ठप,

जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन ठप,

0

अयोध्या। जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन शुक्रवार को खराब हो गई, जिसके चलते मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल मरीजों को सीटी स्कैन के लिए दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज भेजने का सुझाव दिया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर मशीन में तकनीकी खराबी आने के बाद इंजीनियरों ने उसे दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। शनिवार को भी मशीन चालू नहीं हो पाई, जिसके चलते भर्ती मरीजों के साथ-साथ ओपीडी में आए लोग जांच न करा सके। अस्पताल परिसर में मशीन की खराबी की सूचना वाला बोर्ड चस्पा किया गया है।

बताया गया कि मशीन का एक महत्वपूर्ण पार्ट खराब हो गया है, जो फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सका है। यह मशीन अनुबंध पर संचालित है, और कंपनी के तकनीशियन आवश्यक पार्ट की तलाश में जुटे हैं।

जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि मशीन का पार्ट दिल्ली में नहीं मिल सका है, इसलिए इंजीनियर अब उसे बेंगलुरु से मंगाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्ट उपलब्ध होने पर दो से तीन दिन में मशीन को चालू कर दिया जाएगा। तब तक मरीजों को मेडिकल कॉलेज भेजने की व्यवस्था की गई है।

सीटी स्कैन सेवा बंद होने से मरीजों में निराशा देखी जा रही है, जबकि अस्पताल प्रशासन जल्द मशीन को दुरुस्त करने का आश्वासन दे रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version