अयोध्या। अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर उपाध्यक्ष अनुराज जैन की अध्यक्षता में प्राधिकरण सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण सचिव, विशेष कार्याधिकारी, अधिशासी अभियंता, वित्त एवं लेखाधिकारी, सहायक एवं अवर अभियंता, राइट्स लिमिटेड तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अयोध्या शहर में वर्षा ऋतु के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान हेतु निर्माणाधीन पांच नालों की समीक्षा की गई। फतेहगंज सब्जी मंडी से चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के पठान टोला तक बनने वाले नाले के प्रथम व द्वितीय चरण के कार्य की प्रगति को असंतोषजनक पाते हुए उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था एक्मे को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य को त्वरित गति से गुणवत्तापूर्वक करते हुए 31 मार्च 2026 तक प्रत्येक दशा में कार्य पूर्ण किया जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कौशलपुरी फेज-1 एवं फेज-2, अवध विहार, ट्रांसपोर्ट नगर, जालपा नाला एवं तेलाई नाले के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई और सभी कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कौशलपुरी एवं साकेतपुरी आवासीय योजनाओं के सामुदायिक पार्कों के सौंदर्यीकरण, सोहावल तहसील स्थित सुरवारी झील के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार, शहर की 15 सड़कों व नालियों के निर्माण, फैजाबाद चौक क्षेत्र में मच्छरहट्टा पार्किंग, पारंपरिक शवदाह स्थलों पर जनसुविधा विकास, रामपथ के दोनों ओर भूमि के सौंदर्यीकरण, सरयू नदी में फ्लोटिंग पब्लिक बाथिंग कुंड, एडीए व नगर निगम भवन, स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत यात्री निवास तथा वशिष्ठ कुंज आवासीय योजना के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराई जाएं, अन्यथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।