जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के भियांव स्थित हज़रत सैय्यद मीर मसऊद हमदानी का तीन दिवसीय सालाना उर्स एवं मेला 9 से 11 जुलाई तक आयोजित होगा। उर्स में बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वांचल समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों जायरीनों के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर दरगाह कमेटी और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
दरगाह के यासिर हयात ने बताया कि उर्स का आगाज 9 जुलाई को दरगाह के सज्जादानशीन सैय्यद शमीम चिश्ती द्वारा परचम कुशाई के साथ होगा। 10 जुलाई को उनकी सरपरस्ती में पारंपरिक चादर जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। तीन दिनों तक दुआ, फातिहा, लंगर और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उर्स के दौरान सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, चिकित्सा और साफ-सफाई की जिम्मेदारी प्रशासन संभालेगा, जबकि लंगर, मेला और जायरीनों की सुविधाओं की व्यवस्था दरगाह कमेटी करेगी। उर्स के सफल आयोजन में दरगाह के खादिमों, स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों का भी अहम योगदान रहता है।
उर्स शुरू होने से पहले एसडीएम, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी, बीडीओ समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे, ताकि जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।