जलालपुर अम्बेडकरनगर। मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद नाराज 17 वर्षीय किशोरी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के नगपुर अहियापुर गांव निवासी किशोरी ने बुधवार को मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसके भाई ने मोबाइल ले लिया, जिससे नाराज होकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर किशोरी ने घर में रखा दूसरा मोबाइल तोड़ दिया और साइकिल लेकर बाजार चली गई।
बताया जाता है कि वहां से उसने कोई विषाक्त पदार्थ खरीदकर खा लिया। कुछ देर बाद घर पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। परिजनों को जानकारी होने पर उसे तत्काल एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उसे नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला संदिग्ध होने पर अस्पताल प्रशासन ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर स्थानीय कोतवाली को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले की जानकारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।