Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर एफआईआर वापसी की मांग को लेकर शिक्षकों ने काली पट्टी बांध किया...

एफआईआर वापसी की मांग को लेकर शिक्षकों ने काली पट्टी बांध किया विरोध

0

अम्बेडकर नगर। बीएनकेबी पीजी कॉलेज में सोमवार को महाविद्यालय शिक्षक संघ इकाई ने अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ के आह्वान पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने जिला प्रशासन द्वारा कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शुचिता पांडेय व अन्य शिक्षकों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही उपजिलाधिकारी अकबरपुर द्वारा प्राचार्य के साथ किए गए कथित अमर्यादित व्यवहार की निंदा की।
शिक्षक संघ ने घोषणा की कि यह क्रमिक आंदोलन 18 फरवरी तक चलेगा और इस दौरान शिक्षक काली पट्टी बांधकर शैक्षणिक कार्य करेंगे। आंदोलन के प्रथम दिन बीएनकेबी पीजी कॉलेज परिसर में जनपदीय अनुदानित महाविद्यालय शिक्षक संघ की बैठक हुई, जिसमें बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज और टीएन पीजी कॉलेज टांडा के शिक्षक संघ पदाधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा करते हुए एफआईआर निरस्त कराने, सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि परीक्षा की शुचिता के नाम पर शिक्षकों का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आंदोलन को ऑक्टा और उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ का समर्थन प्राप्त है। संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version