Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अवध विश्वविद्यालय में नशा मुक्त अभियान में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने ली...

अवध विश्वविद्यालय में नशा मुक्त अभियान में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

0

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शनिवार से “नशा मुक्त अभियान” की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम दिन सिंधी अध्ययन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो राष्ट्र का भविष्य अधिक सुरक्षित और सशक्त होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

अभियान की संयोजक प्रो. नीलम पाठक तथा सह-संयोजक प्रो. अनूप कुमार एवं प्रो. गंगाराम मिश्र की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रो. अनूप कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में 25 जुलाई से 8 अगस्त तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में संगोष्ठियां, जागरूकता रैलियां, पोस्टर प्रतियोगिताएं तथा जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संकायों, विभागों और विद्यार्थियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिवांश कुमार ने दिया। इस अवसर पर डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अवध नारायण, डॉ. महेन्द्र सिंह, डॉ. शशि सिंह, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी, डॉ. कपिल कुमार, डॉ. दिलीप सिंह, डॉ. आर.एन. पाण्डेय, अमन प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version