अयोध्या। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने मेथोडिस्ट इंटर कॉलेज और जीआईसी इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने साहेबगंज स्थित एसएसबी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सभी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। अभ्यर्थियों को केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट, एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।