अंबेडकर नगर। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल सोमवार को जिले के दौरे पर आएंगे। वह भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में आयोजित सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 161 पर उतरकर जिले में प्रवेश करेंगे। यहां से जिला कार्यालय अटल भवन तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में उनका स्वागत करेंगे। कार्यकर्ताओं की ओर से जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश महामंत्री के साथ जनपद निवासी नवनियुक्त भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अंकित सिंह चंदेल का भी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया जाएगा। कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।