जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर-बसखारी मार्ग पर नर्सरी बाजार स्थित जोलहापुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक ने बुलट सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में किछौछा के खादिम टोला निवासी आफताब आलम (34) की मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक सवार अजय (30) और उनकी मां सुशीला देवी (60) गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। बताया गया कि आफताब पेट्रोल पंप से निकलकर बुलट से आगे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें ई-रिक्शा से बसखारी स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अजय और सुशीला देवी सिसारा, सम्मनपुर के निवासी बताए गए हैं। दोनों को सीएचसी से रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सऊदी से छह माह की छुट्टी पर आया था आफताब
आफताब करीब चार वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। छह माह की छुट्टी लेकर वह करीब तीन माह पहले ही घर आया था। तीन वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी दो वर्ष की बेटी है। पिता की मौत के बाद आफताब ही परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी अचानक मौत से पत्नी, मासूम बेटी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।