Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर क्लीन एंड ग्रीन मैराथन में श्रेया राज ने जीता गोल्ड, 50 हजार...

क्लीन एंड ग्रीन मैराथन में श्रेया राज ने जीता गोल्ड, 50 हजार का पुरस्कार

0
ayodhya samachar

उपलब्धि पर पैतृक गांव बड़ेपुर में जश्न, बधाई देने वालों का लगा तांता


जलालपुर, अंबेडकर नगर। मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर जलालपुर की बेटी श्रेया राज ने खेल जगत में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। क्लीन एंड ग्रीन मैराथन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर उन्हें गोल्ड मेडल के साथ 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। श्रेया की इस सफलता से जिले और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। रविवार को पैतृक गांव बड़ेपुर पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
तहसील जलालपुर के थाना सम्मनपुर क्षेत्र स्थित बड़ेपुर गांव निवासी श्रेया ने सीमित संसाधनों और खेल सुविधाओं की कमी के बावजूद अपनी मेहनत के दम पर सफलता की नई इबारत लिखी है। इससे पहले भी वह चंडीगढ़ में आयोजित 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं। लगातार मिल रही सफलताओं ने उन्हें क्षेत्र की उभरती हुई महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना दिया है।
श्रेया का खेल सफर वर्ष 2017 में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में चयन के बाद शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गुजरात के वडोदरा में आयोजित नेशनल इंटर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 और 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2018 में राज्य स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता की 600 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। इसी वर्ष माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता में 200, 400 और 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर मंडल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
वर्ष 2019 में भी श्रेया ने तीनों स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल कर अपनी निरंतरता साबित की। वहीं क्लीन इंटर-जोन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अब क्लीन एंड ग्रीन मैराथन में स्वर्ण पदक और 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों के खाते में एक और बड़ी सफलता जोड़ दी है।
खास बात यह है कि श्रेया की छोटी बहन ओजस्वी राज भी एथलेटिक्स के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह जिला, मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। दोनों बहनों की उपलब्धियों से परिवार के साथ ही बड़ेपुर गांव और जलालपुर क्षेत्र का मान बढ़ा है।
रविवार 22 नवंबर की सुबह श्रेया के पैतृक गांव बड़ेपुर पहुंचते ही उनके स्वागत और सम्मान का सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर फूल-मालाओं और बधाइयों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। पूर्व प्रधान राजेश कन्नौजिया, अखिलेश कुमार, बृजेश, जेठू राम, कृपाल, हरिराम, सीमा देवी, मासूम अली, मोहम्मद अनीस, सद्दाम और शैलेश सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्रेया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों का कहना था कि श्रेया ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर गांव का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र की दूसरी बेटियों को भी खेल के मैदान में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version