Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर टांडा में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत, दक्षता परीक्षा के मेधावी छात्र...

टांडा में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत, दक्षता परीक्षा के मेधावी छात्र सम्मानित

0

अम्बेडकर नगर। टांडा क्षेत्र के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय खासपुर में स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम, ब्लॉक स्तरीय दक्षता परीक्षा व पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने ‘स्कूल चलो अभियान’ की औपचारिक शुरुआत करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। दक्षता परीक्षाएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित कर उन्हें लक्ष्य की ओर प्रेरित करती हैं। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और विद्यार्थियों में समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित कराने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली उम्मे कुलसूम को साइकिल व पुस्तक, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली अंशिका को तीन हजार रुपये व पुस्तक तथा तृतीय स्थान पाने वाले आदित्य को 2500 रुपये व पुस्तक प्रदान की गई। इसके अलावा सात विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप एक-एक हजार रुपये व पुस्तक देकर प्रोत्साहित किया गया।

वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। ट्रस्ट द्वारा मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व शिक्षक व विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मजहर रब्बानी सहित अन्य शिक्षक, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version