Ayodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या पर्यटन विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, तय समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश By amit_ayodhyasamachar - December 23, 2025 0 FacebookTwitterWhatsApp अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में स्थानीय स्तर पर गठित नियोजन एवं विकास समिति की षष्ठम बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटकों की सुविधा और पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जयेंद्र कुमार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 17 परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रस्तावित परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण संबंधित कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल द्वारा ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से किया गया। मंडलायुक्त ने प्रचलित परियोजनाओं में कार्य की गति बढ़ाने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय–सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को भी शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तुतीकरण के उपरांत मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं में पर्यटन विकास के साथ पर्यटकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त शेड, वृद्धजनों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्थानों का चिन्हांकन कर निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रचलित कार्यों की गुणवत्ता की जांच जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति के परीक्षण के बाद ही उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को भेजा जाए। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन सहित संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।