अम्बेडकर नगर। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, वजन निगरानी, पुष्टाहार वितरण, कुपोषण मुक्ति अभियान तथा अति कुपोषित बच्चों के एनआरसी संदर्भन की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
जिलाधिकारी ने शासन की मंशानुरूप स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए खराब प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं के बाल विकास परियोजना अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही तीन दिनों के भीतर प्रगति में सुधार लाने को कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में स्थिति में सुधार न होने पर संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका एवं ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रतिदिन समीक्षा कर योजनाओं की प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, जिला विकास अधिकारी श्रीमती सविता सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुरेन्द्र कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एस.के. सिंह सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं।