अम्बेडकर नगर। यातायात माह के तहत गुरुवार को अकबरपुर स्थित डॉ. ए.के. पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।
प्रभारी निरीक्षक यातायात जयबहादुर यादव ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की जानकारी दी। उन्होंने नाबालिगों को वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई। इस दौरान आमजन को पंपलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
715 वाहनों के चालान, 81 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला
यातायात माह के 26वें दिन यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 715 वाहनों का चालान किया गया। वहीं 43 वाहनों के मामलों में 81 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। एक से 26 नवंबर तक कुल 14,205 वाहनों के चालान किए गए। इनमें निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 3,655 वाहन शामिल हैं। इस अवधि में 205 वाहनों से संबंधित मामलों में तीन लाख दो हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान 1,550 वाहन चालकों की जांच की गई। इनमें 30 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले। सभी के चालान करते हुए कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।