अयोध्या। जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव को सील और पैक करने के नाम पर मृतक के परिजनों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता लाल मोहम्मद ने आरोप लगाया कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का शव सील करने के लिए 900 रुपये तथा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले कपड़े के लिए 800 रुपये मांगे गए।
उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोर्चरी में शव को सील करने की जिम्मेदारी के लिए कर्मचारी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। अपनों को खोने के गम से गुजर रहे परिवारों से इस तरह धनराशि की मांग करना संवेदनहीनता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर उठाकर शिकायत दर्ज कराई जाएगी, ताकि जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई हो सके।