अयोध्या। जिले में भारी बारिश के दौरान दैवीय आपदा से हुई तीन मौतों के मामलों में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। रुदौली तहसील क्षेत्र में 26 सितंबर को पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई थी। वहीं सोहावल क्षेत्र में भी दैवीय आपदा से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। तीनों परिवारों के खातों में 24 घंटे के भीतर सहायता राशि भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में रुदौली में उप जिलाधिकारी और संबंधित ग्राम प्रधानों ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि के सांकेतिक चेक सौंपे। सोहावल क्षेत्र के पीड़ित परिवार को सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता और विधायक रुदौली रामचंद्र यादव ने सहायता राशि का चेक प्रदान किया। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के पीड़ित परिवार को विधायक के माध्यम से चेक उपलब्ध कराया जाएगा।
रुदौली तहसील के ग्राम मवई निवासी धर्मराज पुत्र मालिक राम, करीब 40 वर्ष और ग्राम बिचाला निवासी रामस्वरूप पुत्र जग्गू राम, करीब 76 वर्ष की 26 सितंबर को पेड़ गिरने से मृत्यु हुई थी। शासन के निर्देश पर दोनों के उत्तराधिकारियों को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र और पारदर्शी तरीके से राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में शासन और जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है।
सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में प्रभारी मंत्री ने भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने खराब और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलकर विद्युत आपूर्ति सामान्य करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने तथा आमजन को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।