अयोध्या। राम वन गमन से जुड़े प्रमुख पौराणिक स्थलों पर अशोक सिंघल फाउंडेशन की ओर से स्थापित श्रीराम स्तंभों में से आठ का रविवार को अनावरण किया गया। अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
भरतकुंड स्थित हनुमान-भरत मिलन मंदिर में पूर्व जिलाध्यक्ष कमला शंकर पांडेय, जटाकुंड-भरतकुंड में ओम प्रकाश सिंह, कवरजा धाम-भैरवपुर टिकरा रामनगर में स्थानीय लोग, सूर्यकुंड-रामपुर भगन में ब्लॉक प्रमुख दिनेश वर्मा, तमसा तट-गौरा घाट में गोसाईगंज चेयरमैन विजय लक्ष्मी जायसवाल, ताहडीह तमसा में विधायक रामचंद्र यादव एवं ब्लॉक प्रमुख फयाराम वर्मा, श्रृंगी ऋषि आश्रम-महबूबगंज में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल तथा सीताकुंड-दराबगंज, बीकापुर में संजीव सिंह की मौजूदगी में श्रीराम स्तंभों का अनावरण किया गया।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि इन स्थानों पर श्रीराम स्तंभों की स्थापना से उनके धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को नई पहचान मिलेगी। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को राम वन गमन की परंपरा और इससे जुड़े स्थलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने कहा कि राम वन गमन से जुड़े इन पौराणिक स्थलों को श्रीराम के वनगमन की परंपरा और स्मृतियों से जोड़कर देखा जाता है। इन स्थानों पर श्रीराम स्तंभों की स्थापना से राम वन गमन से जुड़े स्थलों की पहचान और महत्व को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विहिप के विभाग मंत्री धीरेश्वर वर्मा ने बताया कि दशरथ महल, दशरथ समाधि स्थल और मखौड़ा धाम में भी श्रीराम स्तंभ स्थापित किए जा रहे हैं। इन तीनों स्थलों पर अभी नींव का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद इन स्तंभों का भी अनावरण जल्द किया जाएगा।