Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राम नवमी की तैयारी – जेटिंग मशीनों से धुले जा रहे घाट,...

राम नवमी की तैयारी – जेटिंग मशीनों से धुले जा रहे घाट, मंदिरों के बाहर बिछेगी मैट

0

अयोध्या। रामनवमी को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अयोध्या का दौरा कर रामनवमी की तैयारियों की समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन पर निर्देश दिए थे। नगर निगम द्वारा रामनवमी को लेकर जेटिंग मशीनों के माध्यम से नियमित घाटों की धुलाई की जा रही है, ताकि श्रद्धालु को स्नान करने में दिक्कत न हो कर सकें। नागेश्वर नाथ मंदिर के आसपास और हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर बालू का छिड़काव तथा प्लास्टिक की जालीदार मैट बिछाई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को फिसलन से बचाव हो और सुविधापूर्वक दर्शन-पूजन संभव हो। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में मैट बिछाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नागेश्वर नाथ मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर तथा समस्त मठ-मंदिरों के आसपास उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मेला क्षेत्रों में स्वीपिंग मशीनों से नियमित सफाई हो रही है।


चेंजिंग रूम के साथ अस्थाई निःशुल्क बायो टॉयलेट लगाए


सरयू स्नान के बाद महिलाओं के कपड़े बदलने हेतु घाट क्षेत्रों में 68 अस्थाई और 09 स्थाई निःशुल्क चेंजिंग रूम स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर अस्थाई रूमों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। सरयू के सभी घाटों पर अस्थाई निःशुल्क बायो टॉयलेट लगाए गए हैं। अधिक भीड़ वाले स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था की गई है।


पेयजल के भी हैं पर्याप्त इंतजाम


श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम क्षेत्र में 81 वाटर कूलर (अयोध्या धाम में 47, फैजाबाद में 31) और 25 वाटर कियोस्क (अयोध्या धाम में 18, फैजाबाद में 7) स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से 24×7 निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध रहेगा। मेला क्षेत्रों में आवारा गौवंशों और छुट्टा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।


 घाटों पर हुई है विशेष प्रकाश व्यवस्था


बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, धर्मशालाएं, रेस्तरां, होमस्टे तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 24×7 उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था है। फुटपाथों पर अतिक्रमण हटाने के लिए प्रवर्तन दल सक्रिय है, ताकि श्रद्धालु निर्बाध पैदल चल सकें। समस्त मेला क्षेत्रों में 24×7 सफाई के लिए पर्याप्त कर्मी तैनात हैं। निगम अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संत तुलसीदास घाट, सरयू स्नान घाट, विभिन्न अंडरपासों आदि प्रमुख स्थलों पर रामनवमी के दौरान विशेष प्रकाश की व्यवस्था की गई है।


राम की नगरी हर पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए अनुकूल : महापौर


महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशन और समीक्षा के कारण अयोध्या इन व्यवस्थाओं से न केवल स्वच्छ और सुंदर बनी हुई है, बल्कि लाखों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के रामनवमी का पर्व मना सकेंगे। योगी सरकार का प्रयास है कि राम की नगरी हर पर्व पर भव्य, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनी रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version