अयोध्या। जिला कारागार अयोध्या का मंगलवार को जिला न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी अधीक्षक कारागार प्रदीप कुमार कश्यप, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर उपाध्याय और विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव रंजिनी शुक्ला भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के आवास, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों को नियमानुसार सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और स्वच्छता व सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर में बैरकों, चिकित्सालय, रसोईघर सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।