अयोध्या। मणि पर्वत मेला ड्यूटी पर तैनात 10वीं बटालियन पीएसी के जवान की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका सर्पदंश की जताई जा रही है, घटना सुबह करीब 4.30 बजे मणिपर्वत पर बने पीएसी कैंप की है।
मृतक जवान की पहचान राबिन सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मेरठ जनपद के फफूदा गांव, पोस्ट खरखौदा के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, राबिन सिंह अपने कैंप में मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। तभी उन्होंने महसूस किया कि किसी जहरीले जीव ने उन्हें काट लिया है। उन्होंने सांप को मारकर अपने साथियों को तत्काल जानकारी दी। साथी जवानों ने बिना देर किए उन्हें श्रीराम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान सुबह 9 बजे उनकी मौत हो गई। राबिन सिंह के साथियों ने मृत सांप को भी अस्पताल लेकर पहुंचे, जिससे सर्पदंश की पुष्टि हो सके।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि सर्पदंश से मौत होना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।