Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 14 कोसी मार्ग चौड़ीकरण पर गरमाई सियासत, प्रभावित परिवारों से मिले अवधेश...

14 कोसी मार्ग चौड़ीकरण पर गरमाई सियासत, प्रभावित परिवारों से मिले अवधेश प्रसाद

0

◆ सांसद ने भाजपा सरकार पर लगाया दमन का आरोप, बोले- घर गिराना ठीक नहीं, पीड़ितों की लड़ाई जारी रखेगी सपा


अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण की जद में आए 11 मकानों पर जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने जनौरा नाका पहुंचकर बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद प्रेसवार्ता में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर लोगों का दमन करने और घर गिराने का आरोप लगाया।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर कदम पर प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों के घर गिराना कतई उचित नहीं है। प्रभावित परिवारों की लड़ाई सपा आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।

भाजपा नेता मुरारी यादव के पार्टी छोड़ने से जुड़े सवाल पर सांसद ने कहा कि वह उन्हें पार्टी छुड़वाने के लिए नहीं गए थे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करना और उनकी स्थिति जानना था।

मामला जनौरा नाका के पास 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से जुड़ा है। मार्ग की जद में आए मकानों पर जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के मुआवजे और अन्य समस्याओं को लेकर भी चर्चा चल रही है।


चढ़ावा चोरी मामले की जांच पर उठाए सवाल


सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच टीम ने बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया और छोटे लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। हालांकि ये आरोप सांसद की ओर से लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की लड़ाई जारी है। पार्टी आगे भी इस मामले को उठाती रहेगी और जांच की प्रक्रिया पर सवाल करती रहेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version