Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर तांत्रिक राधेश्याम हत्याकांड में पुलिस को मिले अहम सुराग, कई संदिग्धों से...

तांत्रिक राधेश्याम हत्याकांड में पुलिस को मिले अहम सुराग, कई संदिग्धों से पूछताछ तेज

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर मजरे मुस्काबाद गांव में ट्यूबवेल पर सो रहे तांत्रिक राधेश्याम प्रजापति (65) की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, फोरेंसिक साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का फोकस अब मृतक के पास झाड़-फूंक कराने आने वाले लोगों तथा घटना वाली रात उनके संपर्क में रहे व्यक्तियों पर है।

मुस्काबाद निवासी राधेश्याम प्रजापति पुश्तैनी कुम्हारी के साथ तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का कार्य करते थे। रविवार को उनके यहां दूर-दूर से लोग पहुंचते थे। बीती शनिवार रात वह रोज की तरह खेत स्थित अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। देर शाम खाना लेकर पहुंचे उनके पौत्र संजय ने उन्हें बिस्तर पर लहूलुहान अवस्था में देखा। परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। सिर पर गहरी चोट मिलने के कारण पुलिस नुकीले हथियार से हमला किए जाने की आशंका को भी जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि घटना वाली रात मृतक की मोबाइल पर एक अन्य तांत्रिक से बातचीत हुई थी। पुलिस इस कॉल के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। एसओजी टीम मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और क्षेत्राधिकारी नीतीश तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version