जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के नूरपुर बहादुरपुर गांव में शादी के महज 54 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र की निवासी 19 वर्षीय प्रेमशीला निषाद की शादी बीते 20 अप्रैल को नूरपुर बहादुरपुर गांव निवासी विनोद निषाद के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता था।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात पति विनोद निषाद, ससुर रामलाल निषाद और सास ने प्रेमशीला की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह सूचना पर क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह, कटका थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे से शव बरामद कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही।
बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मृतका के पिता रामप्यारे निषाद, माता उतराजी और अन्य स्वजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के परिजनों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले प्रेमशीला ने प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर कटका थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं बदले। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपितों का व्यवहार पहले से ही विवादित रहा है।
क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।