आलापुर, अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में गाली-गलौज का विरोध करना एक महिला और उसके पुत्र को महंगा पड़ गया। गांव की एक महिला ने पड़ोसी युवक पर मारपीट कर घायल करने तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जगदीशपुर गांव निवासी मीरा पत्नी बुझारत गौड़ ने जहांगीरगंज थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान गांव का ही अशोक गौड़ पुत्र स्वर्गीय दुखांति वहां पहुंच गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनके एल्वेस्टर को भी लाठी-डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र दीपक के साथ भी आरोपी ने मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर जब जहांगीरगंज थाना प्रभारी रितेश पांडे का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।