Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लापरवाही, मरीज को दिया गया गलत...

जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लापरवाही, मरीज को दिया गया गलत ब्लड ग्रुप का रक्त

0

◆ ब्लड बैंक कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप, परिजनों ने दी तहरीर


अयोध्या। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कर्मचारियों की लापरवाही से से होने वाला एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल में भर्ती एक युवती को गलत ब्लड ग्रुप का रक्त चढ़ाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने समय रहते सतर्कता दिखाते हुए रक्त चढ़ाने से इंकार कर दिया। चिकित्सक की सजगता से मरीज की जान बच गई। वहीं रक्त वापस करने पहुंचे परिजनों के साथ कथित रूप से ब्लड बैंक कर्मियों द्वारा अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।

 

घटना आठ नवम्बर की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। खानपुर मसौधा निवासी महेन्द्र प्रताप सिंह अपनी पुत्री श्रेया सिंह का इलाज कराने जिला अस्पताल आए थे। श्रेया को पीलिया की शिकायत थी और चिकित्सकों ने उसे रक्त चढ़ाने की सलाह दी थी। परिजनों के अनुसार, श्रेया का ब्लड ग्रुप नेगेटिव है, लेकिन ब्लड बैंक से गलत ब्लड ग्रुप का रक्त थमा दिया गया। जब चिकित्सक ने जांच की तो पाया कि ब्लड ग्रुप मेल नहीं खा रहा है, जिसके बाद उन्होंने रक्त चढ़ाने से मना कर दिया।

महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जब वे रक्त वापस करने गए तो ब्लड बैंक में तैनात कर्मचारी नशे में धुत थे और उन्होंने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि धमकाने का भी प्रयास किया। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सही रक्त उपलब्ध कराया गया। मरीज के परिजनों ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत कोतवाली नगर में दी है। वहीं जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि, मामला संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version