जलालपुर, अंबेडकर नगर। रविवार को जलालपुर नगर स्थित एक मैरिज हॉल में राष्ट्रीय पेशवा बाजीराव संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, समाज के उत्थान एवं विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाब सिंह उर्फ सोनू सिंह रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक गांव में सक्रिय इकाइयों का गठन किया जाना आवश्यक है, जिससे समाज की आवाज को सशक्त तरीके से उठाया जा सके।
मुख्य अतिथि ने सवर्ण समाज के उत्थान से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में समाज के साथ हो रहे अत्याचार चिंताजनक हैं। उन्होंने 10 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इसका समुचित लाभ अभी तक लोगों को नहीं मिल पा रहा है। साथ ही उन्होंने मांग की कि पंचायत चुनावों में भी 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने सवर्ण आयोग के गठन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे समाज की समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। बैठक में संगठन के संयोजक रघुपति सहाय श्रीवास्तव, विकास सिंह, प्रमोद पान्डेय, राम सिंह, सुशील तिवारी, विकास पांडे, शुभम उपाध्याय, विवेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रघुपति सहाय श्रीवास्तव ने किया।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।