जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर क्षेत्र में गैस एजेंसी संचालक और कर्मचारियों द्वारा बड़े पैमाने पर एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद उप जिलाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर स्थित एक गैस एजेंसी में अभिलेखों में गड़बड़ी और कूट रचना कर हेराफेरी किए जाने की शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी शिवाकांत पांडे द्वारा किए गए निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। स्टॉक और अभिलेखों के मिलान में कुल 711 एलपीजी सिलेंडरों का गड़बड़झाला सामने आया।
जांच में पाया गया कि 14.2 किलोग्राम के 697 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 किलोग्राम क्षमता वाले इंडेन एक्स्ट्रा लाइट के 14 भरे सिलेंडर अभिलेखों में दर्ज होने के बावजूद मौके पर उपलब्ध नहीं थे। इससे बड़े स्तर पर कालाबाजारी की आशंका जताई गई।
मामले में पूर्ति निरीक्षक अमरदेव भास्कर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गैस एजेंसी के प्रोपराइटर विनोद कुमार सिंह, मैनेजर सुरेंद्र मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर सौरभ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश कर दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के उजागर होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। उपभोक्ताओं के बीच गैस वितरण प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।