◆ चयनित उद्यमियों को वितरित किए गए ऋण स्वीकृति पत्र
अयोध्या। पंजाब नेशनल बैंक के तत्वावधान में शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल सभागार में एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एमएसएमईआउटरिचकार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को सफल बनाने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसी दिशा में पीएनबी द्वारा देशभर में एक साथ 150 स्थानों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को न्यूनतम ब्याज दर पर सरल प्रक्रिया द्वारा, बिना दस्तावेजी झंझट के त्वरित ऋण सुविधा प्रदान करना है। कार्यक्रम में विशेष रूप से 1 करोड़ तक के ऋण के डिजिटली नवीनीकरण तथा 25 लाख तक के ऋण को पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया से स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। अयोध्या मंडल के चयनित एमएसएमई उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। उद्यमियों ने पीएनबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह छोटे और मध्यम उद्योगों को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में मंडल प्रमुख अवधेश कुमार तिवारी, पीएलपी प्रमुख राजेश कुमार सहित अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी सात जिलों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रवण देव पाठक, अशोक पांडेय, नितिन कुमार, पुनीत कुमार, मुर्तजा, अनूप कुमार टंडन, कैलाश कुमार, हरिश्चंद्र, अजय कुमार, मनोज कुमार, आकाश गिरी, अमन पांडे, सौरभ चंद, अजीत कुमार, पुनीत कुमार मिश्रा, प्रवीण पांडेय, महेंद्र पाठक सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।