अयोध्या। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को रुदौली तहसील क्षेत्र के पूरे महंगू मजरे संदरी में सरयू नदी के किनारे मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमों ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
मॉकड्रिल के दौरान नदी में लोगों के फंसे होने का दृश्य तैयार किया गया। “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनते ही राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गया और जीवन रक्षक उपकरणों की सहायता से डूब रहे लोगों की भूमिका निभा रहे प्रतिभागियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्थायी स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार भी दिया गया।
अभ्यास के बाद एसडीएम रुदौली संतोष कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित माने जाने वाले महंगू पुरवा, कैथी, सल्लाहपुर, अब्बूपुर, संदरी और पसैया गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं, उपकरणों और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में एडीएम एफआर अमित कुमार भट्ट, डोगरा रेजिमेंट के मेजर राजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि मॉकड्रिल का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना और ग्रामीणों को राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति जागरूक बनाना है। अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव व्यवस्थाओं की तैयारियों का भी परीक्षण किया गया।