Home News प्रदेश चिरईगांव पंचायत भवन में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा का शुभारंभ, तीन दिन...

चिरईगांव पंचायत भवन में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा का शुभारंभ, तीन दिन तक लगेगा पासपोर्ट शिविर

0
ayodhya samachar

लखनऊ। त्वरित, सरल और सुलभ पासपोर्ट सेवाओं को आमजन तक पहुँचाने की दिशा में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा पंचायत भवन, चिरईगांव में ‘मोबाइल पासपोर्ट वैन’ सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को पासपोर्ट से संबंधित सुविधाएँ उनके नजदीकी स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें आवेदन के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के अनुसार पंचायत भवन, चिरईगांव में मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से पासपोर्ट शिविर का आयोजन 20, 21 और 22 जनवरी को किया जाएगा। यह सुविधा तीन दिनों तक उपलब्ध रहेगी। शिविर के लिए प्रत्येक दिन कुल 50 सामान्य अपॉइंटमेंट जारी किए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक आवेदकों को लाभ मिल सके।

इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर केंद्र के रूप में VAN-2 का चयन करते हुए अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। सभी आवेदनों को पंचायत भवन, चिरईगांव स्थित मोबाइल पासपोर्ट वैन (VAN-2) के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।

इस सेवा की शुरुआत महोबा जिले से की गई, इसके पश्चात उप डाकघर, चित्रकूट, मुख्य डाकघर, बस्ती, मुख्य डाक घर, चंदौली तथा डाक घर, सोरांव में यह शिविर आयोजित किया गया।  क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का कहना है कि इस सेवा से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है और पासपोर्ट प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version