Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा

विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा

0

अम्बेडकर नगर। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विभागवार समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने 108 व 102 एंबुलेंस की नियमित फिटनेस जांच, ऑक्सीजन व अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों को शीघ्र जारी करने तथा सभी लाभार्थियों को शौचालय से आच्छादित करने को कहा।

विद्युत विभाग की समीक्षा में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति और खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन की जानकारी दी गई। आईडीएसएस व सौभाग्य योजना के कार्यों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने तथा स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने को कहा गया।

जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता जांच और क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्स्थापन पर जोर दिया गया। निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा विलंब होने पर पेनल्टी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा में आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपम शुक्ला, अभिजीत आर शंकर समेत जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version