Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सरकारी अस्पतालों में मैनुअल पर्चा व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर...

सरकारी अस्पतालों में मैनुअल पर्चा व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर ज्ञापन

0

अयोध्या। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के पंजीकरण के लिए लागू की गई डिजिटल व्यवस्था के साथ-साथ मैनुअल पर्चा प्रणाली भी संचालित किए जाने की मांग उठी है। इसी संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राहुल पाण्डेय ने गुरुवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पतालों में ऐप आधारित पर्चा व्यवस्था लागू होने के बाद ऐसे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिनके पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन नहीं है या जो तकनीकी रूप से सक्षम नहीं हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को पंजीकरण कराने एवं उपचार प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है।

राहुल पाण्डेय ने मांग की कि डिजिटल प्रणाली के साथ-साथ पूर्व की तरह हस्तलिखित पर्चा बनाने की व्यवस्था भी जारी रखी जाए, जिससे सभी वर्गों के मरीजों को उपचार सुविधाएं आसानी से मिल सकें। उनका कहना है कि तकनीकी संसाधनों से वंचित लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था आवश्यक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय में आवश्यक निर्देश जारी कर गरीब, असहाय एवं अशिक्षित मरीजों को राहत प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा पहले चरण में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की जा रही है।

पाण्डेय ने बताया कि यदि मांग पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तथा मुख्यमंत्री से मिलकर भी इस मुद्दे को उठाएगा और अस्पतालों में मैनुअल पर्चा व्यवस्था बहाल करने की मांग करेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version