Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दिल्ली अग्निकांड के बाद अयोध्या में बढ़ी सतर्कता, होटल पार्क इन में...

दिल्ली अग्निकांड के बाद अयोध्या में बढ़ी सतर्कता, होटल पार्क इन में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

0

अयोध्या। दिल्ली में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद अयोध्या अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को सिविल लाइन स्थित होटल पार्क इन में अग्नि सुरक्षा जागरूकता गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने होटल कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दी। कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया समझाई गई तथा एग्जिट डोर और इमरजेंसी रूट के सही उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

अग्निशमन अधिकारियों ने होटल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल सूचना देने, प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण करने और लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए किस प्रकार कार्य करना चाहिए।

इस दौरान विभागीय टीम ने होटल के कमरों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा की।

प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप पांडे ने कहा कि अयोध्या में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में होटलों, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि जन जागरूकता और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से अग्नि दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अग्निशमन विभाग द्वारा समय-समय पर विभिन्न प्रतिष्ठानों में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version