अंबेडकरनगर। आगामी 19 जून को हरित चौपाल, 20 जून को बृहद स्वच्छता अभियान तथा 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के ऑडिटोरियम में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल एवं ब्लॉक प्रमुख भीटी मलखान सिंह मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं निरोग जीवन की आधारशिला है और इसके माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि 19 जून को जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हरित चौपाल का आयोजन होगा। इसमें किसानों और ग्रामीणों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों से पौधों की मांग का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।