जलालपुर अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और नवजात बच्ची को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहाजितपुर (मंसूरपुर) निवासी संजू देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 24 अप्रैल 2025 को सुलतानपुर जनपद के प्रतापनगर भदरहा रूपानगर निवासी रवि प्रकाश के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति व अन्य ससुरालीजन पांच लाख रुपये नकद और एक मारुति कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उस पर दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया गया तथा गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई। कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका।
तहरीर के अनुसार मार्च 2026 में पति और जेठ ने उसके साथ मारपीट कर उसे मालीपुर रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया था। वहीं 9 जून 2026 को पुत्री के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक प्रताड़नापूर्ण हो गया। 15 जून को मायके पक्ष के लोगों के ससुराल पहुंचने पर विवाद और हाथापाई हुई, जिसकी सूचना डायल-112 पर दी गई थी।
आरोप है कि उसी दिन शाम को ससुराल पक्ष के लोगों ने फिर से दहेज की मांग करते हुए नवजात बच्ची को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया और विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
मालीपुर पुलिस ने पति रवि प्रकाश समेत उमेश, मुकेश, दीपक, सुमित्रा और किरन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मालीपुर थानाध्यक्ष शशांक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।