◆ विष्णु सहस्त्रनाम व गणेश अथर्वशीर्ष की आहुतियां सम्पन्न
◆ मुख्य आचार्यों की देखरेख में सुचारु चला पूजन-अर्चन
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए रविवार को तीसरे दिन भी विधि-विधान से पूजन-अर्चन जारी रहा। रविवार सुबह पूजन की शुरुआत वैदिक मर्मज्ञ आचार्यों ने गणपति पूजन से की। इसके बाद पंचांग पूजन, षोडष मातृका पूजन, योगिनी पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, वास्तु पूजन और नवग्रह पूजन की विधियां संपन्न हुईं।
प्रधान मंडल के रूप में रामभद्र मंडल सहित अन्य सभी पूज्य मंडलों का आवाहन एवं पूजन किया गया। पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। रविवार को विष्णु सहस्त्रनाम एवं गणेश अथर्वशीर्ष की आहुतियां समर्पित की गईं। यजमान डॉ. अनिल मिश्र सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सपत्नीक पूजन कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। पूजन की संपूर्ण विधियां मुख्य आचार्य चंद्रभान शर्मा, उपाचार्य रविंद्र पैठणे, यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य पंकज शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुईं। पूजन व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव मिश्र और आचार्य पंकज कौशिक की देखरेख में प्रतिदिन की सभी धार्मिक क्रियाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।