Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामजन्मभूमि पुलिस को बड़ी सफलता, चार चोरी की बाइक के साथ दो...

रामजन्मभूमि पुलिस को बड़ी सफलता, चार चोरी की बाइक के साथ दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

0

रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे आरोपी, कई मुकदमों में पहले से दर्ज है आपराधिक इतिहास


अयोध्या। थाना रामजन्मभूमि पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी अयोध्या के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सुमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम रविवार देर रात अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान अमित सिंह निवासी ग्राम टिकरी थाना तारून और शुभम चौधरी निवासी आशापुर दर्शननगर थाना कोतवाली अयोध्या के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टीवीएस सेंट्रा, सुपर स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स तथा पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की। इनमें से दो मोटरसाइकिलें थाना रामजन्मभूमि में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित थीं, जबकि अन्य दो बाइक के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व रेलवे स्टेशन क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं और मौका मिलने पर उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें मंडल कारागार भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी अमित सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं शुभम चौधरी पर भी वाहन चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज बताए गए हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुमित कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह, अशोक कुमार, सौरभ सिंह, रामविलास वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version