जलालपुर, अंबेडकर नगर। मंगलवार को जलालपुर बार एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के कार्य व्यवहार को लेकर नाराजगी जताते हुए सर्वसम्मति से उनके कार्य व्यवहार की निंदा की। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए बार और बेंच के बीच समन्वय आवश्यक है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन दिवस के अंदर बार एवं बेंच की संयुक्त बैठक आयोजित कर आपसी समस्याओं का समाधान किया जाए। संयुक्त बैठक होने तक अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के न्यायालय में न्यायिक कार्य में सहयोग करने में असमर्थता जताई है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में वार्ता नहीं होती है तो इस संबंध में मंडल स्तर के अधिवक्ताओं से संपर्क कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस संबंध में अधिवक्ताओं द्वारा उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र भी दिया गया।
बैठक में बार एसोसिएशन अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह, मंत्री जगदीश यादव, घनश्याम शर्मा, बृजेश श्रीवास्तव, फूलचंद यादव, श्याम सुंदर यादव, सुनील कुमार सिंह, महेंद्र सिंह, संत प्रसाद पांडेय समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।