Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन बाइक सवार घायल, एक की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन बाइक सवार घायल, एक की मौत

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के शिवपाल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस और पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक घायल की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति अलग-अलग मोटरसाइकिलों से शिवपाल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस तथा थानाध्यक्ष प्रेमचंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान रामप्रवेश पुत्र राम अवध (42) निवासी कुसुमखोर, पुद्दन पुत्र घनई निवासी सेहरी, थाना जैतपुर तथा अवनीश पुत्र उमाशंकर निवासी पत्थरपुर, थाना पवई, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। जिला अस्पताल ले जाते समय पुद्दन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर लाया गया, जहां पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

इस संबंध में जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था। उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version