Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर एक पेड़ मां के नाम से अभियान का आगाज, 21 जून तक...

एक पेड़ मां के नाम से अभियान का आगाज, 21 जून तक चलेंगे जनकल्याण और जागरूकता कार्यक्रम

0

अम्बेडकर नगर। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को श्रवण धाम से जिले में वृक्षारोपण महाभियान एवं केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक चलने वाले व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। साथ ही बेटा-बेटी में भेदभाव समाप्त कर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला तथा अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।

कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने जेल रोड स्थित लोरपुर ताजन पौधशाला का निरीक्षण कर वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं और सभी विभागों को पौधों की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है।

इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत पूरे जनपद में वृक्षारोपण, चौपाल, जनसंवाद, स्वच्छता अभियान, मीडिया संवाद, जन-कल्याण शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने भीषण गर्मी को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति, किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, इसलिए सभी कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version