Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अयोध्या से शुरू हुआ ‘क्षितिजा’ युवती सम्मेलन, 29 जिलों में होंगे आयोजन

अयोध्या से शुरू हुआ ‘क्षितिजा’ युवती सम्मेलन, 29 जिलों में होंगे आयोजन

0

◆ छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, कौशल विकास और नेतृत्व पर हुई चर्चा


अयोध्या । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अवध प्रांत एवं अयोध्या महानगर की ओर से ‘क्षितिजा : आंगन से अंतरिक्ष तक’ युवती सम्मेलन का आयोजन अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया। सम्मेलन में युवतियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, सम्मान और नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि अपर्णा बिष्ट यादव, अभाविप अवध प्रांत अध्यक्ष प्रो. नीतू सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रो. नीलम पाठक, स्वागत समिति अध्यक्ष रोली सिंह, मंत्री बबीता सिंह और महानगर मंत्री जयश्री रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अपर्णा बिष्ट यादव ने कहा कि आज की छात्राएं आंगन से निकलकर अंतरिक्ष तक अपनी उड़ान भर रही हैं। विज्ञान, शिक्षा, प्रशासन, खेल, सेना, राजनीति और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवतियां अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रो. नीतू सिंह ने कहा कि युवतियां केवल दर्शक नहीं, बल्कि परिवर्तन की नेतृत्वकर्ता बनें। परिवार में संस्कार और समाज में नेतृत्व दोनों क्षेत्रों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सोशल मीडिया के रचनात्मक और समाजहित में उपयोग की बात कही।

प्रो. नीलम पाठक और रोली सिंह ने शिक्षा, संस्कार, आत्मनिर्भरता और सुरक्षित वातावरण को युवतियों के सशक्तीकरण के लिए आवश्यक बताया। सम्मेलन में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, करियर, डिजिटल जागरूकता और नेतृत्व विकास पर भी संवाद हुआ।

अभियान का शुभारंभ अयोध्या से किया गया है। इसके तहत अवध प्रांत के 29 जिलों में युवती सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और अभियान का समापन लखनऊ में होगा। कार्यक्रम में अभाविप के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version