Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जनौरा संपर्क मार्ग जलजमाव से बेहाल, राहगीरों और छात्रों की बढ़ी मुश्किलें

जनौरा संपर्क मार्ग जलजमाव से बेहाल, राहगीरों और छात्रों की बढ़ी मुश्किलें

0

स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन, स्थायी समाधान की मांग


अयोध्या। जनौरा लालबाग संपर्क मार्ग इन दिनों जलभराव की समस्या से बुरी तरह प्रभावित है। नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने से कीचड़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलनिकासी की व्यवस्था ठप हो चुकी है। अधूरे पड़े नाले निर्माण ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। समाजसेवी लकी का कहना है कि ठेकेदार द्वारा नाले की खुदाई के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे पानी का बहाव बाधित हो गया है। कई बार वाहन जलभराव में फंस जाते हैं और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज लोगों ने सोमवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में शहबाज, सोनू, लकी, बाबू, दुर्गा, दिनेश, गुल्लू सिंह, वारिस, आदिल, मोनू और बबलू समेत दर्जनों लोग शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

सबसे अधिक समस्या स्कूली बच्चों को हो रही है। जलभराव और गंदगी के कारण बच्चों को संक्रमित जल से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले की जल्द सफाई कराई जाए और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जनौरा-वजीरगंज मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version