अंबेडकर नगर। कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 47,100 नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने गोरखपुर जनपद में टप्पेबाजी और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
रविवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव पुलिस टीम के साथ अपराधियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवबाबा मंदिर स्थित मंच के पास कुछ लोग चोरी के माल और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं तथा किसी अन्य वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 47,100 नकद, सोने और चांदी के जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अंबेडकरनगर के अकबरपुर, जलालपुर, कटका, महरुआ, मालीपुर, अहिरौली समेत गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के बाद नकदी और जेवरों का आपस में बंटवारा कर दूसरे जिलों में जाकर फिर घटनाएं करते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। इनके विरुद्ध अंबेडकरनगर और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी और टप्पेबाजी के कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर कई लंबित मामलों का सफल अनावरण हुआ है। सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।