Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियों को समय से पूरा कराने के निर्देश, श्रद्धालुओं की...

दीपोत्सव की तैयारियों को समय से पूरा कराने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर

0

अयोध्या। आगामी दीपोत्सव महोत्सव-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त जयेंद्र, अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन और मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों शोभायात्रा, श्रीरामलीला, सरयू आरती, झांकियों, प्रदर्शनी और मंच व्यवस्था की तैयारियों पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, हेलीपैड, गोल्फ कार्ट, घाटों की सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था को समय से दुरुस्त कराने को कहा गया। सड़कों की रेलिंग व डिवाइडर की मरम्मत, क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को ठीक कराने तथा कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दीपोत्सव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।


पंचकोसी-चौदहकोसी परिक्रमा की भी समीक्षा


बैठक में पंचकोसी एवं चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। मंडलायुक्त ने मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। परिक्रमा शुरू होने से पहले आवश्यक विद्युत पोल स्थापित कर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी पोलों की नंबरिंग कराने को कहा।

मंडलायुक्त ने कहा कि दीपोत्सव और परिक्रमा के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से अपने दायित्वों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version