Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज में रोवर्स-रेंजर्स शिविर का हुआ भव्य समापन

बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज में रोवर्स-रेंजर्स शिविर का हुआ भव्य समापन

0

जलालपुर अम्बेडकरनगर। स्थानीय बाबा बरुआ दास पी.जी. कॉलेज, परुइया आश्रम में आयोजित त्रि-दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। 28 मार्च से शुरू हुआ यह शिविर 30 मार्च को ध्वजारोहण और ध्वज गीत के साथ गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
समापन दिवस पर छात्र-छात्राओं ने शिविर के दौरान सीखे गए विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को गांठ-बंधन, टेंट पिचिंग, बिना बर्तनों के भोजन बनाना, शारीरिक व्यायाम और ‘साइन ट्रैकिंग’ जैसी जीवनोपयोगी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता और टीम भावना का विकास हुआ।
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे महाविद्यालय के पूर्व आचार्य प्रो. के.के. मिश्र और डॉ. के. सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और कौशल की सराहना करते हुए इसे सफल प्रशिक्षण का परिणाम बताया।
प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे यहां सीखे गए अनुभवों को समाज में भी साझा करें।
मुख्य अतिथि प्रो. के.के. मिश्र ने कहा कि सच्ची शिक्षा वही है, जो आत्मबल और आत्मविश्वास को मजबूत करे। उप-प्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त ने ‘संघे शक्ति’ पर जोर देते हुए संगठन की शक्ति को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं चांदनी, शिक्षा और सत्यम ने अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर भारत स्काउट एवं गाइड के प्रशिक्षक रमेश कुमार यादव और बलिराम राजभर समेत महाविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधीर कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि छायांकन आशीष शर्मा ने किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version