Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या  ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ गणपति बप्पा को...

 ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ गणपति बप्पा को दी गई भावुक विदाई

0

◆ जमुनिया बाग से निकली भव्य विसर्जन शोभायात्रा, गुप्तार घाट के निर्मली कुंड में हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन


अयोध्या। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के गगनभेदी जयकारों से शुक्रवार को रामनगरी का वातावरण भक्तिमय हो उठा। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। गणेश उत्सव के समापन पर शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। नम आंखों के साथ श्रद्धालुओं ने बप्पा को विदाई दी।



श्री गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा का शुभारंभ जमुनिया बाग तिराहे पर केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के कैंप के सामने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। इससे पहले विभिन्न गणेश पूजा समितियों के सजे हुए रथ और प्रतिमाएं जमुनिया बाग तिराहे पर एकत्र हुईं। पहली प्रतिमा श्री श्री महाराजाधिराज गणेश पूजा समिति, नानकपुरा की रही।

शोभायात्रा जमुनिया बाग से चौक और रिकाबगंज होते हुए गुप्तार घाट की ओर रवाना हुई। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तिमय संगीत पर श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। बारिश के बीच भी लोगों का उत्साह देखते ही बना।


निर्मली कुंड में हुआ विसर्जन


सभी प्रतिमाओं को गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में विसर्जन यात्रा में शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष बप्पा के पुनः आगमन की कामना के साथ प्रतिमाओं को विदाई दी।

शोभायात्रा का नेतृत्व केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गुप्ता तथा संयोजक गगन जायसवाल ने किया। समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न तीन बजे से प्रतिमाएं जमुनिया बाग तिराहे पर एकत्र होना शुरू हुई थीं।

शोभायात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, भाजपा नेता शक्ति सिंह, रवि तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रताप सिंह और उग्रसेन मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


सुरक्षा और व्यवस्था में जुटी रही समिति


विसर्जन शोभायात्रा को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय समिति के पदाधिकारी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहे। जमुनिया बाग कैंप पर जेएन चतुर्वेदी के साथ केशव बिगुलर, शिवजी गौड़, तारकेश्वर शर्मा और तरुण कुमार गुप्ता व्यवस्था संभालते रहे। चौक पर मनोज जायसवाल, अतुल सिंह, राजेश कुमार गौड़, आलोक शंकर, अमित कनौजिया, चंदन गुप्ता, अखिलेश पाठक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। रिकाबगंज और गुप्तार घाट पर भी समिति के पदाधिकारियों ने विसर्जन व्यवस्था संभाली।

देर रात तक चलने वाले विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। गुप्तार घाट और निर्मली कुंड के आसपास प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बारिश के बावजूद पूरी शोभायात्रा भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version