जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा चौराहे पर स्थित एक किराना दुकान में बुधवार सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की घटना में दुकान में रखा लगभग 75 हजार रुपये का सामान तथा 20 हजार रुपये से अधिक की नकदी जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार मालीपुर थाना क्षेत्र के सलाहुद्दीनपुर गांव निवासी कैलाश यादव की आजनपारा चौराहे पर किराना दुकान है। बुधवार सुबह वह घर से दुकान पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और उन्हें फोन कर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कैलाश यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुकान का ताला खोलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दुकानदार कैलाश यादव ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा लगभग 75 हजार रुपये मूल्य का किराना सामान तथा 20 हजार रुपये से अधिक की नकदी जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।