अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने तहसील सदर के तिकुनिया पार्क में पंचायत किया। पंचायत में ग्राम सभा माझा बरहटा के किसानों ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के बाद भी अब तक मुआवज़े की राशि न मिलने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों द्वारा किसानों को अनावश्यक रूप से दौड़ाए जाने के प्रकरणों पर चर्चा पंचायत के दौरान किया।
किसानों का कहना था कि ग्राम सभा माझा बरहटा की भूमि अधिग्रहित किए जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा मुआवज़े का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। संबंधित विभाग किसानों से बार-बार नए दस्तावेज़ मांगकर उन्हें दौड़ा रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिग्रहण प्रक्रिया के लिए सभी किसानों ने खसरा, खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज़ पहले ही विभाग को जमा कर दिए हैं, इसके बावजूद मामले में कोई प्रगति नहीं हो रही है। पंचायत की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने की तथा संचालन महिला जिला अध्यक्ष सविता मौर्य ने किया। पंचायत में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।