Friday, August 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याकलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस, समस्याओं के समाधान पर हुई...

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस, समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा


अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं सहायक विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने सहभागिता की।

किसान दिवस की शुरुआत उप कृषि निदेशक पी.के. कनौजिया ने किसानों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए की। बैठक के दौरान कृषि, उद्यान, पशुपालन, गन्ना, पंचायती राज, विद्युत, नलकूप, सिंचाई, बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया गया।

धान खरीद से संबंधित समस्याओं पर डिप्टी आरएमओ द्वारा जानकारी दी गई। किसानों ने गन्ना पर्ची जारी होने में देरी सहित अन्य दिक्कतें सामने रखीं। छुट्टा जानवरों की समस्या को लेकर किसानों ने चिंता जताई, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने पूरे जनपद में दोबारा अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को पकड़ने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपेक्षा जताई कि वे सामान्य शिकायतों के बजाय विशिष्ट समस्याएं सामने रखें, जिससे संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध निस्तारण कराया जा सके। बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।

उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, अन्यथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

किसान दिवस में जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी के प्रतिनिधि, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारी समितियां सहित खाद्य एवं रसद, विद्युत, सिंचाई, बैंक, नाबार्ड, केवीके, नलकूप एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments