जलालपुर अम्बेडकर नगर। थाना कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ससुराल पक्ष के एक सदस्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसके ससुराल पक्ष से चल रहे विवाद के चलते आपसी सहमति से उसे नया मकान रहने के लिए दिया गया था। लेकिन उसी परिवार के अजय पुत्र रामसिंगार आए दिन उसके साथ विवाद करते हुए कमरे में ताला बंद कर देता था। कई बार उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाती रही।
पीड़िता का आरोप है कि बीते 30 अक्टूबर की रात को आरोपी ने फिर कमरे में ताला बंद कर दिया। जब उसने विरोध किया तो अजय ने मां-बहन की गालियां देते हुए लात-घूंसों और थप्पड़ों से पिटाई की। इसके बाद वह कमरे में घुस आया और महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने पीड़िता का ब्लाउज फाड़ दिया, जिससे उसकी लज्जा भंग हो गई।
किसी तरह पीड़िता ने खुद को आरोपी से छुड़ाकर घर के बाहर भागकर अपनी जान बचाई। उसका कहना है कि आरोपी कुल्हाड़ी लेकर जान से मारने की नीयत से उसका पीछा करता रहा। डरी-सहमी पीड़िता ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, धमकी और महिला की लज्जा भंग करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि, पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।